कर्नाटक विस में वंदे मातरम् का ऑडियो दो अंतरों के बाद बंद हुआ, भाजपा विधायकों ने पूरा संस्करण गाया

कर्नाटक विधानसभा में वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे बजने पर भाजपा विधायकों ने पूरा राष्ट्रगीत गाकर विरोध जताया, विशेष सत्र में मुद्दा गरमा गया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा और विधान परिषद में सोमवार को कार्यवाही की शुरुआत में आधिकारिक रूप से वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे बजाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने राष्ट्रगीत का पूरा संस्करण गाया। कर्नाटक सरकार ने राज्य में गंभीर सूखे की स्थिति और पश्चिमी घाट पर डॉ. कस्तूरीरंगन रिपोर्ट के प्रभावों पर चर्चा के लिए विधानमंडल का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। विधानसभा में सत्र की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई, लेकिन इसका ऑडियो दो अंतरों के बाद बंद कर दिया गया।

इसके तुरंत बाद विधानसभा अध्यक्ष जी. एस. पाटिल ने प्रमुख हस्तियों के निधन पर शोक व्यक्त करने की कार्यवाही की अनुमति दी आौर मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने पूर्व विधायक आर. बी. शिरियन्नावर को श्रद्धांजलि देना शुरू किया जिनका 27 अगस्त को निधन हो गया था। वंदेमातरम पूरा नहीं बजाए जाने से नाराज भाजपा विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और राष्ट्रगीत का पूरा संस्करण गाना शुरू कर दिया।

इसी तरह, विधान परिषद में सभापति सलीम अहमद ने परंपरा के अनुसार संविधान की प्रस्तावना को पढ़ना शुरू कर दिया जबकि भाजपा सदस्य राष्ट्रगीत के बाकी अंतरे गाते रहे। इसके बाद भाजपा सदस्यों ने वंदे मातरम् का पूरा संस्करण नहीं बजाए जाने को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के आदेश के अनुसार, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या राज्यपाल की उपस्थिति वाले कार्यक्रमों को छोड़कर अन्य सभी सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल पहले दो अंतरे ही गाए या बजाए जाएंगे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।