
रांची: खूंटी जिले के मोतियाबिंद मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 15 जून से 19 जून 2026 तक मेगा मोतियाबिंद सर्जरी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का संचालन मुख्यालय पूर्वी कमान और मुख्यालय 111 एरिया के सहयोग से किया जाएगा।
इस संबंध में सर्वांगीण ग्राम विकास संस्था (एसजीवीएस) के सचिव निर्मल कुमार सिंह ने सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी खूंटी को पत्र भेजकर जिला प्रशासन से सहयोग की अपील की है। पत्र में कहा गया है कि शिविर के दौरान मरीजों की मोतियाबिंद सर्जरी अत्याधुनिक फेको (Phaco) तकनीक से की जाएगी, जिसमें फोल्डेबल लेंस प्रत्यारोपित किए जाएंगे।
सर्जरी के लिए भारतीय सेना के प्रतिष्ठित आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) नई दिल्ली के वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ नेत्र सर्जन रांची के सैन्य चिकित्सालय नामकुम पहुंचेंगे। वहीं पर मरीजों का ऑपरेशन किया जाएगा। संस्था ने जिला अंतर्गत सभी सहियाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में मोतियाबिंद मरीजों की पहचान कर उन्हें स्वामी दयानंद नेत्रालय तक लाने का अनुरोध किया है। अस्पताल की ओर से मरीजों को विशेष वाहनों के माध्यम से नामकुम स्थित सैन्य चिकित्सालय पहुंचाया जाएगा। सर्जरी के बाद सात दिनों तक मरीजों का फॉलो-अप और स्वास्थ्य परीक्षण स्वामी दयानंद नेत्रालय में किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए मरीजों को अस्पताल तक लाने वाली प्रत्येक सहिया को संस्था की ओर से 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। संस्था ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से यह जनहितकारी अभियान अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचेगा और उन्हें बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

