महुआडांड़ : 7 साल से रामपुर पुल का एप्रोच पथ जर्जर,श्रमदान से 3 बार बना रास्ता, बरसात में फिर बह जाता है स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही दिक्कत

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार : महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत परहा टोली जाने वाली मार्ग स्थित रामपुर नदी पर बने पुल का एप्रोच पथ पिछले 7 सालों से जर्जर है। इसके कारण प्रखंड मुख्यालय से जुड़े एक दर्जन से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग 7 साल पहले यह पुल बनकर तैयार हुआ था। लेकिन पहली बरसात में ही पुल को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला एप्रोच पथ क्षतिग्रस्त हो गया। उसके बाद ग्रामीणों ने श्रमदान और सामूहिक सहयोग से अब तक 3 बार एप्रोच पथ को दुरुस्त किया। लेकिन बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने और धार तेज होने के कारण वह फिर बह जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी का पाट अधिक और पुल की लंबाई कम होने के कारण हर साल यह समस्या आती है। बरसात में पानी का फैलाव बढ़ जाता है जिससे एप्रोच पथ टिक नहीं पाता। यह पुल प्रखंड मुख्यालय से मात्र 1 किलोमीटर की दूरी पर है। रोज बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे विभिन्न गांवों से यहां पढ़ने आते हैं। नदी में पानी कम होने पर बच्चे पुल के ऊपर से आते-जाते हैं, लेकिन नीचे उतरने के लिए वैकल्पिक रास्ता नहीं होने से परेशानी होती है।वहीं बीमार और प्रसव पीड़िता महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। नदी में पानी बढ़ने पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।

ग्रामीणों ने लातेहार जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए रामपुर पुल के एप्रोच पथ का स्थायी निर्माण कराया जाए।ग्रामीणों ने कहा हम कई वर्षों से इस समस्या को झेल रहे हैं। हमारी मांग है कि पुल की लंबाई बढ़ाकर एप्रोच पथ का पक्का निर्माण किया जाए, ताकि बच्चों, मरीजों और आम लोगों को राहत मिल सके।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।