एसएसबी की तिरंगा साइकिल-बाइक रैली से गूंजा लातेहार, राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश

लातेहार में एसएसबी की तिरंगा साइकिल, बाइक और पैदल रैली ने देशभक्ति का संदेश दिया। छात्रों ने सुरक्षा उपकरण प्रदर्शनी देखी और स्वतंत्रता दिवस उत्सव में उत्साह दिखाया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026, राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के 150वें स्मरणोत्सव एवं “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), लातेहार द्वारा गुरुवार को भव्य साइकिल, बाइक एवं तिरंगा पैदल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व कमांडेंट राजेश सिंह ने किया।

रैली का उद्देश्य आम नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ वाहिनी मुख्यालय, लातेहार से हुआ। रैली कारगिल पार्क एवं लातेहार बाजार होते हुए पुनः मुख्यालय पहुंची। पूरे मार्ग में तिरंगा लहराते हुए प्रतिभागियों ने देशभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उप कमांडेंट सम्राट दिव्यज्योति चंद्रजीत, हिमांशु राठौर, सहायक कमांडेंट राजवीर सिंह यादव, चिकित्सा अधिकारी डॉ. शक्तिवेल ए.आर., प्रधानाचार्य मीना कुमारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, एसएसबी के अधिकारी एवं जवान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक बैंड प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया।

रैली के दौरान स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाने तथा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

इसी क्रम में एसएसबी द्वारा विद्यालयी छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न हथियारों एवं सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। जवानों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हथियारों एवं सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, कार्यप्रणाली तथा सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने तथा राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।