
MGM Hospital : नए एमजीएम अस्पताल परिसर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या अब जल्द खत्म होने वाली है। जिला प्रशासन की पहल पर सुवर्णरेखा नदी से अस्पताल तक पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
इस परियोजना के तहत डिमना चौक से लगभग साढ़े तीन किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण कर पाइपलाइन के लिए रूट को अंतिम रूप दे दिया है। तकनीकी बाधाओं को दूर करने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई, मानगो नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, विद्युत आपूर्ति विभाग, जुस्को और टाटा स्टील सहित कई एजेंसियों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। टीम ने फ्लाइओवर के पिलर संख्या 175 और 176 के पास से पाइपलाइन गुजारने का निर्णय लिया है।
ठेका एजेंसी को निर्देश दिया गया है कि 8 जून से कार्य शुरू कर 15 जून तक हर हाल में इसे पूरा किया जाए। समय सीमा का पालन न होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
परियोजना के तहत सुवर्णरेखा नदी किनारे इंटेकवेल और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। अस्पताल परिसर में पानी के भंडारण के लिए संप तैयार है।
करीब 8.69 करोड़ रुपये की इस योजना के पूरा होने के बाद एमजीएम अस्पताल को प्रतिदिन लगभग 3 एमएलडी यानी 30 लाख लीटर शुद्ध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल अस्पताल की जरूरतें मानगो नगर निगम द्वारा टैंकरों से पूरी की जा रही हैं।

