
Namkum Theft Case : नामकुम थाना क्षेत्र में हुई 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी की घटना का रांची पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में अंतरजिला स्तर पर सक्रिय एक शातिर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के जेवरात खरीदने वाले ज्वेलर्स संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सोना-चांदी, नकदी, हथियार और अन्य सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार मई माह में नामकुम थाना क्षेत्र के केतारी बगान स्थित एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, कीमती घड़ी और नगदी की चोरी कर ली थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने गिरोह के सरगना शेख अफरोज उर्फ पुटीलाल उर्फ अहमद राजा उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक लाख रुपये नकद, एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और चोरी से जुड़े अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने छह से सात सहयोगियों के साथ मिलकर कई बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के जेवरात लोवाडीह स्थित महारानी ज्वेलर्स में कम कीमत पर बेचे जाते थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महारानी ज्वेलर्स में छापेमारी कर करीब 212 ग्राम सोना और 18 किलोग्राम चांदी बरामद की। मामले में ज्वेलर्स संचालक कृष्णा कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि चोरी के सामान की खरीद-बिक्री का यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार शेख अफरोज के खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि आगे की जांच में कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

