
Road Accident Jharkhand : नारायणपुर थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 5 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गोविंदपुर-साहिबगंज रोड मुख्य मार्ग पर हुआ, जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और हाईवे जाम कर दिया गया।
कैसे हुआ हादसा
मृतक बच्ची की पहचान सजदा खातून (5 वर्ष) के रूप में हुई है, जो केराडीह वनगांव निवासी सफाउल अंसारी की बेटी थी। बताया जा रहा है कि बच्ची दोपहर में तालाब से नहाकर घर लौट रही थी, तभी सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन और ग्रामीणों ने बच्ची को तुरंत नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए NMCH धनबाद रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का गुस्सा, हाईवे जाम
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने स्कॉर्पियो चालक की गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा की मांग करते हुए गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर नारायणपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि फरार वाहन की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस जाम हटवाने और मामले की जांच में जुटी हुई है।

