झारखंड : घर आई थी बहन की बारात, डोली निकलने से पहले उठी भाई की अर्थी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा: चिनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलयती खैर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

हादसे के शिकार हुए युवकों में एक के बहन की बारात आई थी। रविवार की सुबह बहन की डोली निकलने वाली थी। लेकिन किस्मत को कुछ ही मंज़ूर था। बहन की डोली निकलने से पहले भाई की अर्थी उठ गई।

दोनों युवकों की पहचान चिनिया के टोला नेमना निवासी अरविंद सिंह (18) तथा बिलैतीखैर के सुमेलवा टोला निवासी पहलवान सिंह (19) के रूप में की गई।

बताया जा रहा है दोनों युवक बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक रास्ते में खड़ी ट्रक के पीछे से टकरा गई।

इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही इनकी मौत हो गई। रात करीब दो बजे यह घटना घटी। सूचना पाकर चिनिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अरविंद के घर उसकी बहन की बरात आई हुई थी। वह रात करीब एक बजे तक बारातियों के स्वागत में जुटा रहा।

इसके बाद वह अपने दोस्त के साथ एक दूसरी शादी में शरीक होने गया था। इसी दौरान दोनों युवक हादसे का शिकार हो गए।

अरविंद के बड़े भाई रामप्रवेश सिंह ने बताया कि घर के समारोह में शामिल होने के बाद वह एक दूसरे कार्यक्रम में हिस्सा लेने गया था।

थाना प्रभारी वीरेंद्र हांसदा ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना ग्रामीणों ने दी। रविवार की सुबह सूचना पाकर चिनिया थाना परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस से मामले की जांच की मांग की गई।

Share This Article