बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा में और बारिश की संभावना : आईएमडी

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। पुरी रथ यात्रा में पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं के लिए आईएमडी ने सावधानी बरतने की अपील की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भुवनेश्वर: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पुरी सहित ओडिशा के कई हिस्सों में अगले कुछ समय तक और बारिश होने का अनुमान है। पुरी में लाखों श्रद्धालु वार्षिक रथ यात्रा में शामिल होने के लिए जुटे हैं। आईएमडी ने अपने बुलेटिन में बताया कि अगले 12 घंटों के दौरान कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो सकता है तथा इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गंगा क्षेत्र से गुजरने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि इसके प्रभाव से बृहस्पतिवार को मयूरभंज, क्योंझर, अंगुल, देवगढ़, संबलपुर, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, पुरी, जगतसिंहपुर, खुर्दा, नयागढ़, कटक, ढेंकानाल, जाजपुर, बरगढ़, सोनपुर और बौध जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।

बुलेटिन के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में कटक जिले के बांकी में सबसे अधिक 210 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इस दौरान नौ अन्य स्थानों पर भी 115 से 210 मिमी के बीच बेहद भारी बारिश हुई। आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि पुरी में कम से कम अगले छह घंटे, यानी शाम 4 बजे तक बारिश होने का अनुमान है। मोहंती ने श्रद्धालुओं से आकाशीय बिजली और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की अपील की। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच लाखों श्रद्धालु भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक शोभायात्रा के दर्शन के लिए मौजूद रहे। इसी रस्म के साथ पुरी मंदिर में नौ दिवसीय रथ यात्रा की शुरुआत हो गयी। आईएमडी ने यह भी बताया कि भारी बारिश या आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में श्रद्धालु किसी पक्के भवन में शरण लें और पेड़ों, बिजली के खंभों या अस्थायी ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।