भाजपा ने कांग्रेस, माकपा पर केरल के विकास को बाधित करने का लगाया आरोप

भाजपा केरल अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस और माकपा पर विकास योजनाओं में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र की परियोजनाओं को लेकर राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुवनंतपुरम: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर ‘‘विकास-विरोधी’’ और ‘‘जन-विरोधी’’ राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने दावा किया कि दोनों पार्टियां केरल को केंद्र सरकार की प्रमुख विकास योजनाओं का फायदा नहीं पहुंचने दे रही हैं। चंद्रशेखर ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की टिप्पणियों का जिक्र किया और दावा किया कि कांग्रेस और माकपा मिलकर केरल के लोगों को केंद्र सरकार की परियोजनाओं का फायदा नहीं मिलने दे रहे हैं।

वैष्णव ने इस साल मार्च में आरोप लगाया था कि वामपंथी पार्टियां और कांग्रेस केरल की तरक्की के लिए रेलवे के विकास कार्यों को होने नहीं दे रहे हैं। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की जमीन अधिग्रहण में अनिच्छा दिखाने के कारण कासरगोड और तिरुवनंतपुरम के बीच यात्रा का समय घटाकर चार घंटे करने के केंद्र के प्रस्ताव में देरी हो रही है। राज्य सरकार के रुख पर सवाल उठाते हुए चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि राज्य के विकास से ज्यादा राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने दावा किया कि इसी रवैये के कारण केरल में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना और अन्य बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं को लागू करने में देरी हुई या रुकावट आई। मौजूदा राजनीतिक संस्कृति को बदलने की जरूरत पर जोर देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि केरल को ‘‘कृत्रिम रूप से गढ़े गए विवादों’’ के बजाय ‘‘असली विकास’’ की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘केरल को काम करके दिखाने वाली राजनीति की जरूरत है। ‘विकसित केरल’ हमारा लक्ष्य है।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।