
Gas Cylinder Blast Creates Panic in Palamu : झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर में गैस सिलेंडर फटने से अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में चार से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घटना डालटनगंज के बीरिया चौक स्थित उत्कर्ष फाइनेंशियल बैंक की बिल्डिंग के नीचे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बिल्डिंग के नीचे एक साथ कई गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इसी दौरान अचानक एक सिलेंडर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया, जिससे आसपास आग फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास शुरू किया।
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है और पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

