पलामू में सर्पदंशसांप के काटने से पति-पत्नी मौत

स्थिति बिगड़ने पर अंत में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टर ने गुरुवार को दोनों को मृत घोषित कर दिया

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू: जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर पंचायत के नावाडीह गांव में सर्पदंश से पति-पत्नी की जान (Husband And Wife Death) चली गई। दोनों को सोने की अवस्था में एक जहरीले सांप (Snake Bite) ने बुधवार की रात डंस लिया था।

पहले तो दोनों को गांव के झोलाछाप डाक्टर से इलाज कराया गया। जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जंगली क्षेत्र में ले जाकर झाड़-फूंक कराया। स्थिति बिगड़ने पर अंत में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टर ने गुरुवार को दोनों को मृत घोषित कर दिया।

सांप ने पहले महिला पुष्पा को डंस लिया

मृतकों की पहचान बैजनाथ साव (50) और उसकी पत्नी पुष्पा देवी (45) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों घर में सो रहे थे।

इस बीच सांप ने पहले महिला पुष्पा को डंस लिया। उसकी नींद खुली तो उसने सांप को उठाकर फेंका लेकिन वह उसके पति के पास गिरा और फिर बैजनाथ साव को भी डंस लिया।

परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर कोसियारा जंगल ले गये, जहां पर घंटों झाड़-फूंक किया गया लेकिन पति-पत्नी की स्थिति सुधरने की बजाय बिगड़ती ही चली गयी।

सर्पदंश के 92 मामले सामने आए

आज सुबह दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। बैजनाथ और उसकी पत्नी मजदूरी करते थे। इनके दो पुत्र और एक पुत्री है। पुत्री की शादी तय हो गई थी। दो महीने के बाद शादी करनी थी।

पलामू सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 10 हजार से भी अधिक एंटी वैनम मौजूद हैं। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज, छतरपुर, विश्रामपुर, हुसैनाबाद अनुमंडल अस्पताल में सांप काटने के मामलों को लेकर स्पेशल टीम भी तैनात की गई है।

उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले दो महीने में सर्पदंश के 92 मामले सामने आए, जिसमें आठ की मौत हो गई। बताया जाता है कि अंधविश्वास (Superstition) के चक्कर में सभी की जान चली गई।

Share This Article