
पलामू: मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के बजराहा पुल के समीप रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक व्यक्ति की पैसेंजर ट्रेन से गिरकर मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सिरमा गांव निवासी सुनील दुबे (56 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सुनील दुबे रविवार को कजरी रेलवे स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन पकड़कर अपने एक रिश्तेदार के घर बरवाडीह जा रहे थे। इसी दौरान बजराहा पुल के पास अचानक वह ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे, जहां का मंजर देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

