PM मोदी शुक्रवार को करेंगे सूरत में बनने वाले छात्रावास का भूमि पूजन

News Aroma
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात के सूरत में लड़कों के छात्रावास का भूमि पूजन करेंगे। छात्रावास को सौराष्ट्र पटेल सेवा समाज की तरफ से तैयार किया जायेगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने गुरुवार को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सूरत में सौराष्ट्र पटेल सेवा समाज द्वारा निर्मित छात्रावास फेज-1 (लड़कों के छात्रावास) का भूमि पूजन करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित केंद्र और राज्य के कई मंत्री मौजूद रहेंगे। छात्रावास भवन में लगभग 1500 छात्रों के लिए आवासीय सुविधा होगी।

इसमें एक सभागार और छात्रों के लिए समर्पित पुस्तकालय भी तैयार किया जाएगा। अगले साल से करीब 500 लड़कियों के ठहरने के लिए दूसरे चरण के छात्रावास का निर्माण शुरू हो जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सौराष्ट्र पटेल सेवा समाज 1983 में स्थापित एक पंजीकृत ट्रस्ट है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों का शैक्षिक और सामाजिक परिवर्तन है।

यह छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने में मदद करता है और उन्हें उद्यमिता और कौशल विकास के लिए एक मंच भी प्रदान करता है।

Share This Article