राजस्थान: बोरवेल में गिरे नौ वर्षीय बच्चे की मौत, 39 घंटे चले बचाव अभियान का दुखद अंत

राजस्थान के फलोदी में बोरवेल में गिरे नौ वर्षीय बच्चे भोमाराम को 39 घंटे चले लंबे और कठिन बचाव अभियान के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जोधपुर: राजस्थान में फलोदी जिले के पुनिया की ढाणी में बृहस्पतिवार दोपहर बोरवेल में गिरे नौ साल के बच्चे को लगभग 39 घंटों की लगातार कोशिशों के बाद शनिवार तड़के बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इस तरह क्षेत्र के सबसे लंबे बचाव अभियानों में से एक का अंत बेहद दुखद रहा।

बच्चे भोमाराम को बचाव अभियान के बाद तुरंत लोहावट अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भोमाराम बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे लोहावट के अंतर्गत नौसर ग्राम पंचायत क्षेत्र में 1,050 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया था। वह करीब 640 फुट की गहराई पर फंस गया था। इसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस और विशेष बचाव दलों ने उसे निकालने के लिए अभियान शुरू किया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चलाया।

हालांकि, बचाव अभियान के दौरान बोरवेल में बच्चे से करीब 30 फुट ऊपर एक बड़ा पत्थर फंसा मिला, जिससे अभियान में बाधा आई।

फलोदी के पुलिस अधीक्षक आदित्य काकड़े ने बताया कि इस रुकावट ने बचाव कार्यों को बहुत मुश्किल बना दिया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चे तक पहुंचने के लिए जरूरी पाइप और उपकरणों को ले जाने में दिक्कत आई और उसकी स्थिति पर नजर रखने के लिए कैमरा नीचे उतारना भी मुश्किल हो गया।

काकड़े ने बताया कि संकरे बोरवेल के अंदर की कठिन परिस्थितियों के कारण, फंसे हुए लड़के तक ऑक्सीजन पहुंचाने के प्रयासों में भी बाधा आई।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह चिंता तब और बढ़ गई, जब कैमरे में पहले बच्चे की हलचल दिखाई दे रही थी, लेकिन बाद में उसकी कोई गतिविधि नजर नहीं आई। हालांकि, उसकी स्थिति को लेकर अनिश्चितता के बावजूद बचावकर्मी उसे निकालने की कोशिश करते रहे।

लगभग 34 घंटों की मेहनत के बाद तब एक बड़ी सफलता मिली, जब आखिरकार रुकावट को हटा दिया गया। इससे बचाव दल के लिए भोमाराम को बाहर निकालने के प्रयासों को और तेज करने का रास्ता साफ हो गया। इसके बाद उसे बाहर निकालने का अंतिम अभियान चलाया गया और शनिवार तड़के करीब 3:35 बजे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उसे तुरंत एंबुलेंस से लोहावट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।