राजौरी में आतंकियों की तलाश तेज, अतिरिक्त जवान तैनात कर घेराबंदी मजबूत

राजौरी में संदिग्ध आतंकियों की तलाश तेज, सुरक्षा बलों ने घेराबंदी मजबूत की। अखनूर में भी संदिग्ध गतिविधि के बाद तलाशी अभियान चलाया गया, अतिरिक्त जवान तैनात किए गए।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश में सुरक्षा बलों ने रविवार को अपना अभियान तेज कर दिया तथा अतिरिक्त जवानों की तैनाती के साथ घेराबंदी और मजबूत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर शनिवार को चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच संक्षिप्त मुठभेड़ हुई थी, जिसके बाद डोरीमल-गंभीर मोगला क्षेत्र में अभियान का दायरा बढ़ाया गया।

अधिकारियों ने कहा, “डोरीमल-गंभीर मोगला इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और घेराबंदी मजबूत की गई है।” उन्होंने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश में मदद के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को इलाके में भेजा गया है।
विशिष्ट सूचना मिलने के बाद शनिवार को सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त टीम ने इलाके में बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था।

संदिग्ध आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच थोड़ी देर गोलीबारी भी हुई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने वन क्षेत्र में व्यापक तलाशी जारी रखी। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार इलाके में दो से तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की आशंका है।

इस बीच सुरक्षा बलों ने जम्मू जिले के अखनूर क्षेत्र के गुढ़ा ब्राह्मण इलाके में भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान संचालित किया। अधिकारियों के अनुसार एक स्थानीय महिला ने सुरक्षाकर्मियों को बताया कि उसने अपने घर के पास तीन से चार नकाबपोश लोगों को देखा, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। सूचना मिलने पर सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे, आसपास के गांवों की घेराबंदी की और संदिग्धों का पता लगाने तथा सूचना की पुष्टि के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।