
रांची : प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिस बाँकीपुर विधानसभा सीट से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार राजनीति करते रहे और जिसे भाजपा अपना सबसे सुरक्षित किला बताती थी, उसी किले में जनता ने भाजपा को करारी शिकस्त देकर उसके अहंकार को चकनाचूर कर दिया है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा के नेता देशभर में “अजेय भाजपा” का भ्रम फैलाते रहे, लेकिन जनता ने बाँकीपुर में बता दिया कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सबसे बड़ा होता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के गढ़ में मिली हार इस बात का प्रमाण है कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक बदहाली और समाज को बांटने की राजनीति से लोग अब पूरी तरह ऊब चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन जनता ने सत्ता के अहंकार, झूठे प्रचार और चुनावी प्रबंधन की राजनीति को सिरे से खारिज कर दिया। यह परिणाम केवल एक सीट की हार नहीं, बल्कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति जनता के घटते विश्वास का स्पष्ट संदेश है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा अब यह दावा नहीं कर सकती कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रभाव जनता के बीच अटूट है। जब अपने ही राजनीतिक गढ़ को भाजपा नहीं बचा सकी, तब देशभर में परिवर्तन की लहर को रोक पाना उसके लिए असंभव होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले से कहती रही है कि जनता रोज़गार, शिक्षा, महंगाई, किसानों की आय और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है। भाजपा इन सवालों से भागती रही और जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से उसका जवाब दे दिया।
राकेश सिन्हा ने भाजपा नेतृत्व से कहा कि अब विपक्ष पर झूठे आरोप लगाने, एजेंसियों का दुरुपयोग करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाने के बजाय आत्ममंथन करे। बाँकीपुर का जनादेश स्पष्ट संदेश है कि जनता अब अहंकार नहीं, जवाबदेही चाहती है। यह हार आने वाले समय में भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी खतरे की घंटी साबित होगी।

