
Ramgarh News : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिवशंकर ज्वेलरी शॉप में हुई चर्चित डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता शमशेर आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर हथियार, बिना नंबर की बाइक और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
घर से हथियार और जेवर बरामद
पुलिस के अनुसार, शमशेर आलम को रामगढ़ थाना क्षेत्र के फुलसराय गांव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसके ठिकाने से 7.65 एमएम की एक पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक अपाचे मोटरसाइकिल, करीब 370 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 160 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए सोने और चांदी के सामान की जांच की जा रही है।
21 अप्रैल को हुई थी दिनदहाड़े डकैती
यह वारदात 21 अप्रैल को हुई थी, जब 11 हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े शिवशंकर ज्वेलरी शॉप में घुसकर करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।
सभी आरोपी पुलिस की पकड़ में
रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूनायत ने बताया कि इस मामले में अब तक सभी 11 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश के बाद अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। मुख्य साजिशकर्ता शमशेर आलम की गिरफ्तारी के साथ इस मामले की जांच लगभग पूरी हो गई है और जल्द ही अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।
29 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार शमशेर आलम के खिलाफ विभिन्न जिलों में कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। डकैती कांड के सफल खुलासे में शामिल पुलिस अधिकारियों को एसपी कार्यालय में सम्मानित भी किया गया।

