रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे ने दुर्गा पूजा और त्योहारों के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए रांची और अलीपुरद्वार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08661/08662 रांची-अलीपुरद्वार-रांची पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन सीमित अवधि के लिए किया जाएगा।

दक्षिण पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार के तहत यह स्पेशल ट्रेन मुरी, झालदा, कोटशिला और बोकारो स्टील सिटी स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को त्यौहारों में आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।
ट्रेन संख्या 08661 रांची-अलीपुरद्वार स्पेशल ट्रेन 12 अक्टूबर से 9 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को रात 11:25 बजे (23.25 बजे) रांची से रवाना होगी और तीसरे दिन तड़के 4:00 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी।
वहीं, वापसी की दिशा में ट्रेन संख्या 08662 अलीपुरद्वार-रांची स्पेशल 14 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को सुबह 7:00 बजे अलीपुरद्वार से खुलेगी और अगले दिन सुबह 9:15 बजे रांची पहुंचेगी।


