
रांची: राजधानी के सबसे पॉश इलाके अशोक नगर रोड नंबर 4 में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जिसमें ये सामने आया है कि अपराधी 80 लाख की यूपी नंबर वाली जगुआर कार से चोरी की वारदात अंजाम देने पहुंचे थे। दोनों शातिर अपराधी जगन्नाथपुर के बिरसा चौक स्थित होटल पार्क रिट्रीट में एक मुस्लिम व्यक्ति के फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर ठहरे हुए थे।
बिल्डर त्रिवेणी अखिलेश पांडेय के घर का ताला तोड़कर चोरों ने 8 लाख रुपये नकद और करीब 90 लाख रुपये मूल्य के सोने, हीरे व चांदी के आभूषण चुरा लिए। गायब सामान में हाल ही में मंगनी कार्यक्रम में मिले नकद उपहार और कीमती जेवर शामिल हैं। अखिलेश पांडेय के घर चोरी से ठीक पहले अपराधियों ने पड़ोसी बिल्डर निशित केसरी के घर चोरी की कोशिश की थी। वहां सुरक्षा गार्ड द्वारा की गई फायरिंग के बावजूद बेखौफ होकर बदमाशों ने उनके घर में घुसकर चोरी को अंजाम दिया।
वारदात के बाद सुबह करीब 5:20 बजे अपराधी होटल से चेक-आउट कर अपनी जगुआर कार से फरार हो गए। चोरी की इस गंभीर घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सिटी एसपी के नेतृत्व में 4 थाना प्रभारियों (डोरंडा, अरगोड़ा, चुटिया, जगन्नाथपुर) की SIT गठित की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश कर रही है।

