झारखंड : NIA ने इन नौ बड़े नक्सलियों पर 28.50 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने टेरर फंडिंग और नक्सली हमले के मामले में झारखंड के नौ बड़े नक्सलियों पर कुल 28.50 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

इनमें भाकपा माओवादी, टीपीसी और पीएलएफआई के नक्सली शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार एनआईए ने इन नौ नक्सलियों पर 28.50 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।

इनमें भाकपा माओवादी कमांडर पतिराम मांझी पर पांच लाख, रामदयाल महतो पर तीन लाख, अजय महतो पर तीन लाख, कृष्णा दा पर दो लाख, चंचल पर दो लाख, शनिचर हेंब्रम पर 50 हजार रुपये का इनाम शामिल है।

इसके अलावा टीपीसी संगठन के ब्रजेश गंझू पर पांच लाख, आक्रमण गंझू पर तीन लाख और पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश पर एनआईए ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।

एनआईए ने भीखन गंझू सहित कई नक्सलियों को मोस्ट वांटेड घोषित किया है। इनमें प्रयाग मांझी, गुरुवा मुंडा, बिरजू गंझू शामिल हैं।

लातेहार नक्सली हमला के मामले में नक्सली कमांडर रवींद्र गंझू का दस्ता भी एनआईए के रडार पर आ गया है।

चार पुलिसकर्मियों की हत्या और उसके बाद लातेहार के चंदवा के टेरर फंडिंग के मामले में रवींद्र गंझू का दस्ता एनआईए के निशाने पर है।

उल्लेखनीय है कि झारखंड में टेरर फंडिंग, नक्सली हमला, माओवादियों को हथियार सप्लाई करने और मानव तस्करी जैसे मामलों की वर्तमान में एनआईए जांच कर रही है।

Share This Article