रांची: झारखंडवासियों के पवित्र और महत्वपूर्ण पर्व करमा के मद्देनजर रांची नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार 19 सितंबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न सरना स्थलों और अखड़ों का निरीक्षण कर निगम स्तर से की जा रही व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य रूप से सहजानंद चौक स्थित देशावली सरना-सह-अखड़ा, सरना टोली, हातमा बस्ती, रांची कॉलेज छात्रावास तथा करमटोली चौक स्थित सरना स्थलों का दौरा किया और पूजा समितियों से आवश्यक फीडबैक लिया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि करमा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने बताया कि रांची नगर निगम क्षेत्र के 53 वार्डों में चिह्नित कुल 298 सरना स्थलों और अखड़ों में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, सड़क एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पूजा समितियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर उनके सुझावों और आवश्यकताओं के अनुरूप तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सभी सरना स्थलों, अखड़ों, उनके परिसर एवं संपर्क पथों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, झाड़ियों और घास की कटाई करने तथा आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया है।
साथ ही वार्ड सुपरवाइजर और स्वच्छता टीम को नियमित रूप से स्थलों का निरीक्षण करते हुए पूजा समितियों के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं। रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था के लिए विद्युत शाखा को खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने और निरंतर मॉनिटरिंग करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा अभियंत्रण शाखा को आवश्यकतानुसार पेवर ब्लॉक, स्टोन डस्ट, जेसीबी से समतलीकरण और खुले नालों पर स्लैब ढकने की कार्रवाई करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई परेशानी न हो।


