

विवेक शर्मा





रांची: रांची नगर निगम शहर के सभी वार्डों में ओपन जिम विकसित करने की तैयारी में जुट गया है। इसके लिए नगर निगम की ओर से वार्डों में खाली पड़ी जमीन और सार्वजनिक स्थलों को चिह्नित कर उन्हें लोगों के लिए उपयोगी बनाने की योजना तैयार की जा रही है। खासकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए स्थानों का चयन किया जाएगा, जहां लोग व्यायाम और शारीरिक गतिविधियां कर सकें।
पार्षदों से बोर्ड की बैठक में खाली पड़े जगहों को विकसित करने के मांगे गए है सुझाव
नगर निगम की पिछली बोर्ड बैठक में पार्षदों से उनके-अपने वार्ड में खाली पड़ी जगहों की जानकारी और उन्हें विकसित करने को लेकर सुझाव मांगे गए हैं। पार्षदों से कहा गया है कि वे ऐसे स्थलों की पहचान करें, जहां ओपन जिम स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जा सकें। निगम इन सुझावों के आधार पर स्थानों का निरीक्षण कराकर आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा। फिलहाल बच्चों और महिलाओं के लिए पार्क बनाने की योजना है।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ ने सहयोग का दिया आश्वासन
योजना के तहत ओपन जिम में अलग-अलग तरह के व्यायाम उपकरण लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों को अपने आसपास ही निःशुल्क व्यायाम की सुविधा उपलब्ध कराना है। नगर निगम का मानना है कि शहर में सार्वजनिक स्थलों को बेहतर तरीके से विकसित करने से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में भी मदद मिलेगी। ओपन जिम योजना को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने भी सहयोग का आश्वासन दिया है। उनके सहयोग से योजना को व्यापक स्तर पर लागू करने और जरूरत के अनुसार संसाधन जुटाने की संभावना है। नगर निगम की ओर से वार्डवार जरूरत और उपलब्ध स्थानों का आकलन किए जाने के बाद प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू किया जाएगा।
खाली पड़ी जमीनों उपयोग
नगर निगम का फोकस केवल ओपन जिम लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खाली पड़ी सार्वजनिक जमीनों का बेहतर उपयोग करने पर भी है। ऐसे स्थानों को व्यवस्थित कर स्थानीय जरूरत के मुताबिक विकसित करने की योजना है। इससे एक ओर जहां अनुपयोगी जमीन का सदुपयोग होगा, वहीं दूसरी ओर लोगों को अपने मोहल्ले के आसपास स्वस्थ और बेहतर सार्वजनिक माहौल मिल सकेगा। मुझे कुछ जगहों पर वेंडर को भी बसाने की तैयारी है।
नगर निगम की इस पहल के बाद अब पार्षदों से मिलने वाले सुझाव महत्वपूर्ण होंगे। स्थानों के चयन, उपलब्ध जमीन, स्थानीय आबादी और जरूरत के आधार पर ओपन जिम के निर्माण की प्राथमिकता तय की जाएगी। योजना के धरातल पर उतरने के बाद शहर के सभी वार्डों में लोगों को खुले वातावरण में व्यायाम की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
