सीएम हेमंत सोरेन ने अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI/रांची : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महिला मोर्चा की ओर से सोमवार को पुरुलिया रोड स्थित एसडीसी सभागार में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी।

मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज महिलाओं का दिन है और यह सरकार महिला सशक्तीकरण की दिशा में लगातार काम कर रही है।

महिलाओं की बदौलत ही कोरोना महामारी जैसे विकट परिस्थितियों को झारखंड प्रदेश में संभाला जा सका। इस दौरान उन्होंने राज्यवासियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोरोना वॉरियर्स के रूप में काम करने वाले विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला डॉक्टर, नर्स, पुलिसकर्मी, सिस्टर, समाजसेवियों को सम्मानित किया।

साथ ही खेल के क्षेत्र में झारखंड का नाम रोशन करने वाले कई महिला खिलाड़ियों को भी सम्मान दिया गया। इस विशेष अवसर पर रांची नगर निगम की कई महिला पार्षदों को भी सीएम ने सम्मानित किया।

झामुमो महिला मोर्चा की केंद्रीय अध्यक्ष डॉ महुआ मांझी के नेतृत्व में रांची के एसडीसी सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने अपनी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान महिला शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान, रोजगार जैसे विषयों पर चर्चा भी हुई।

इस विशेष अवसर पर झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, जिला अध्यक्ष मुश्ताक आलम सहित झामुमो के कई पदाधिकारी शामिल हुए।

Share This Article