रांची : रांची समाहरणालय स्थित सभागार में बुधवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में पेंशन दरबार-सह-सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले 6 शिक्षकों को उनके परिजनों की उपस्थिति में ससम्मान विदाई दी गई और सेवानिवृत्ति के दिन ही उनके सभी देय लाभ (रिटायरमेंट बेनिफिट्स) सौंपे गए।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशों के तहत रांची जिला प्रशासन द्वारा जनवरी 2025 से यह व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही सारे वित्तीय लाभ दिए जा रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मियों को किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी या चक्कर काटने से बचाना और उन्हें सम्मानित तरीके से विदा करना है।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक न केवल बच्चों को शिक्षित करते हैं, बल्कि समाज और देश के भविष्य का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले राजकीय मध्य विद्यालय बुढ़मू के प्रधानाध्यापक प्रदीप भगत, उत्क्रमित उच्च विद्यालय उरुगुट्टू कांके के सहायक शिक्षक पोखराज प्रसाद सिन्हा, राजकीय मध्य विद्यालय बीआईटी मेसरा कांके की सहायक शिक्षिका पैशेंस तिर्की, राजकीय मध्य विद्यालय सिमलिया रातू की सहायक शिक्षिका गीता कुमारी, राजकीय मध्य विद्यालय हेहल रातू की सहायक शिक्षिका संगीता रानी और राजकीय मध्य विद्यालय हिन्दू यूनाइटेड रांची-2 की सहायक शिक्षिका नूर बाखला को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज समेत शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।


