
साहिबगंज : साहिबगंज जिले में चल रही प्रमुख NH परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए NHAI क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साहिबगंज–मनिहारी गंगा पुल परियोजना और मिर्जाचौकी–फरक्का राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर के पैकेज-1 और पैकेज-2 के कामों की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी ने परियोजनाओं से जुड़े कन्सेशनायरों और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी काम तय समय सीमा के अंदर पूरे किए जाएं और इस दौरान गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। साहिबगंज–मनिहारी गंगा पुल परियोजना की समीक्षा करते हुए संतोष कुमार आर्य ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के साथ-साथ गुणवत्ता और सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं, मिर्जाचौकी–फरक्का कॉरिडोर के पैकेज-1 के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्ग के रखरखाव, सड़क की साफ-सफाई, हरित पट्टी के संरक्षण और पौधरोपण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर यात्रा सुविधा मिलनी चाहिए। पैकेज-2 के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए क्षेत्रीय अधिकारी ने काम में और तेजी लाने को कहा। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने और परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि NHAI की प्राथमिकता बेहतर गुणवत्ता, सुरक्षित और समय पर पूरी होने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का निर्माण करना है। सभी एजेंसियों को गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता किए बिना तय समय सीमा में काम पूरा करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और हरित विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। केंद्र सरकार से मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार मानसून के दौरान यात्रियों को सुरक्षित राजमार्ग उपलब्ध कराना NHAI का प्रमुख उद्देश्य है। निरीक्षण के दौरान साहिबगंज परियोजना कार्यान्वयन इकाई के परियोजना निदेशक, कन्सेशनायर, इंजीनियर और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


