समस्तीपुर में सड़क पर एक युवती से छेड़छाड़ का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित, चार गिरफ्तार

समस्तीपुर में युवती से कथित छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में बाईपास सड़क पर एक युवती से तीन युवकों द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना जमुई छेड़छाड़ कांड को लेकर जारी विवाद के बीच सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह कथित घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थानाक्षेत्र में जगत सिंहपुर गांव के समीप बाईपास सड़क पर बुधवार को हुई थी। इसका वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 सितंबर की शाम सोशल मीडिया निगरानी के दौरान एक वीडियो प्रसारित होने की सूचना मिली, जिसमें तीन-चार युवक एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे थे। विज्ञप्ति के मुताबिक तकनीकी सत्यापन के बाद घटना स्थल की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के पास सड़क के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार वीडियो में दिख रही पीड़िता प्रथम दृष्टया नाबालिग प्रतीत होती है। इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम और आईटी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के छह घंटे के भीतर इस मामले के सिलसिले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जिनकी पहचान विकास कुमार, राहुल कुमार, सुभाष सहनी और अवधेश पासवान के रूप में हुई है। समस्तीपुर पुलिस ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले फोटो, वीडियो या अन्य सामग्री साझा करने से बचें, क्योंकि ऐसा करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया तथा इसमें कुल कितने लोग शामिल थे। सिंह ने संवाददाताओं से कहा, “बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच शुरू कर दी गई है और उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।” प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती एक युवक के साथ यात्रा कर रही थी और दोनों सड़क किनारे तस्वीरें लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने कथित रूप से उन्हें घेर लिया और युवती के साथ छेड़छाड़ की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।