सरायकेला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 लाख के तीन इनामी नक्सली गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां में संयुक्त अभियान के दौरान 22 लाख रुपये के तीन इनामी हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने इसे नक्सली नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई और अहम सफलता बताया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में कुल 22 लाख रुपये के तीन इनामी हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

गिरफ्तार नक्सलियों में 5 लाख रुपये का इनामी सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन उर्फ रवि, 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो और 2 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली मीना पहाड़िया शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी और एसएसबी कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली कांड्रा और चौका थाना क्षेत्र के जंगलों से होकर गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाते हुए इलाके की घेराबंदी की और सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

अभियान के दौरान कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव से पहले सागर सिंह सरदार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा इलाके में छापेमारी कर मदन महतो और मीना पहाड़िया को भी दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, तीनों नक्सली लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थे और कई नक्सली घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच चल रही थी। अब उनसे पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, जिले में अब गिने-चुने नक्सली ही सक्रिय बचे हैं और पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही सरायकेला-खरसावां को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।