झारखंड

झारखंड में यहां लड़की के पिता ने कर दी ऐसी डिमांड कि बेटी का नहीं हो सका विवाह

लड़का पक्ष द्वारा विवाह की पूरी तैयारी के लिए सभी रिश्तेदारों को निमंत्रण भी दिया जा चुका था

गिरिडीह: लड़का पक्ष द्वारा लड़की पक्ष से पैसे मांगने की खबरें तो अपने बहुत पढ़ी होंगी, लेकिन यहां मामला कुछ उलटा है।

जी हां, खोरीमहुआ अनुमंडल क्षेत्र के परसन ओपी क्षेत्र में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां लड़की पक्ष द्वारा लड़का पक्ष से पैसे और प्रॉपर्टी की मांग की गई है, जिसके बाद लड़का के पिता ने लड़की के पिता पर पैसे व प्रॉपर्टी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।

इतना ही नहीं, इस संबंध में लड़के के पिता ने लड़की के पिता पर गिरिडीह अधीनस्थ न्यायालय में परिवाद पत्र भी दायर कर दिया है। जबकि लड़का-लड़की एक-दूसरे से प्रेम करते हैं।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, धनवार थाना के परसन ओपी क्षेत्र के महुआटांड़ निवासी दुलाल दास के 26 वर्षीय पुत्र राजेंद्र दास का इसी थाना क्षेत्र के घोड़थम्बा ओपी क्षेत्र के विदेशी दास की 21 वर्षीया पुत्री गूंजा कुमारी के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा है।

इसकी जानकारी दोनों के अभिभावकों को है। इसके बाद दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए।

17 जनवरी को लड़की के परिजनों ने फलदान कार्यक्रम भी लड़का के घर जाकर कर दिया। वहीं 10 मई को तिलकोत्सव व 13 मई को शादी की तिथि भी निर्धारित कर दी गई।

अचानक लड़की के पिता और भाई ने लड़के के यहां संदेशा भेजा कि शादी दहेज मुक्त है। लेकिन कुछ शर्त है।

लड़की के नाम से कोलकाता में 25 से 30 लाख का फ्लैट, लैपटॉप व स्कूटी चाहिए, अन्यथा विवाह नहीं होगा।

इधर, लड़का पक्ष द्वारा विवाह की पूरी तैयारी के लिए सभी रिश्तेदारों को निमंत्रण भी दिया जा चुका था।

अदालत पहुंचा मामला

लड़के के परिजनों द्वारा शर्तें पूरी नहीं करने पर लड़की पक्ष द्वारा विवाह नहीं किया गया।

दोनों पक्षों में कई बार स्थानीय स्तर पर पंचायत भी हुई परंतु लड़की के परिजनों के आगे लड़का पक्ष की एक ना चली।

अंतत: लड़का पक्ष द्वारा न्यायालय में लड़की पक्ष के खिलाफ परिवाद पत्र दायर कर मानहानि व आर्थिक नुकसान के एवज में 10 लाख के जुर्माने की मांग की गई है।

Back to top button
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker