Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और अजगैबीनाथ आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पूर्व रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। रेलवे ने जसीडीह और सुल्तानगंज स्टेशनों पर कई ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाने के साथ-साथ प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल कोच लगाने का निर्णय लिया है।

जसीडीह स्टेशन पर बढ़ेगा ठहराव
रेलवे के अनुसार, 30 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक जसीडीह स्टेशन पर जिन मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव पांच मिनट से कम है, उनका ठहराव बढ़ाकर अधिकतम पांच मिनट किया जाएगा। हालांकि राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत, दुरंतो, जनशताब्दी, पूर्वा, गरीब रथ, हमसफर और अमृत भारत जैसी 11 प्रीमियम ट्रेनों पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी।

सुल्तानगंज में छह ट्रेनों को मिलेगा विशेष ठहराव
30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक सुल्तानगंज स्टेशन पर नियमित रूप से रुकने वाली ट्रेनों का ठहराव भी पांच मिनट किया जाएगा। इसके अलावा भागलपुर-अजमेर एक्सप्रेस, मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस, आनंद विहार-मालदा टाउन एक्सप्रेस, अजमेर-भागलपुर एक्सप्रेस, कामाख्या-गया एक्सप्रेस और गया-कामाख्या एक्सप्रेस को दो मिनट का अस्थायी विशेष ठहराव दिया गया है।
छह जोड़ी ट्रेनों में जुड़ेंगे अतिरिक्त जनरल कोच
श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने छह जोड़ी प्रमुख ट्रेनों में एक-एक अतिरिक्त सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल) कोच लगाने का फैसला किया है। इनमें मिथिला एक्सप्रेस, हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, गंगासागर एक्सप्रेस, सियालदह-बलिया एक्सप्रेस, मालदा टाउन-पटना एक्सप्रेस और मालदा टाउन-किऊल एक्सप्रेस शामिल हैं।
रेलवे का मानना है कि इन व्यवस्थाओं से देवघर और सुल्तानगंज आने-जाने वाले लाखों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी। साथ ही मेला अवधि के दौरान भीड़ प्रबंधन को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।


