सोनाहातु: सोनाहातु थाना क्षेत्र के बारेन्दा पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय युवक राम सिंह मुंडा की मौत हो गई। बिरदीडीह निवासी राम सिंह मुंडा मोटरसाइकिल से जा रहा था, इसी दौरान टाटा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कंपनी की छोटा हाथी गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राम सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और सोनाहातु थाना पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना 108 एंबुलेंस को दी गई, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची. इसके बाद ग्रामीण निजी वाहन से घायल युवक को सोनाहातु स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स ले जाने के दौरान अस्पताल के बाहर ही राम सिंह मुंडा ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही बिरदीडीह गांव में मातम पसर गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है. इधर, 108 एंबुलेंस के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बारेन्दा पेट्रोल पंप के पास जल्द ब्रेकर लगाने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।


