भ्रष्टाचार को खत्म करना ही आजादी, सरकार का पैसा निजी लोगों की जेब में जाने से रोका गया है : सी. जोसेफ विजय

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के लिए यह पहला मौका था, जब उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को बतौर मुख्यमंत्री ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सीएम विजय ने 15 अगस्त पर अपने पहले भाषण में Gen Z को खास तौर पर संबोधित किया और ‘वनक्कम’ कहकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री विजय ने राजधानी चेन्नई में फोर्ट सेंट जॉर्ज परिसर से भाषण देते हुए कहा, ‘दुनिया भर में फैले मेरे सभी तमिल रिश्तेदारों और Gen Z दोस्तों को मेरा वनक्कम।’
सीएम ने कहा, ‘सरकार का पैसा निजी लोगों की जेब में जाने से रोका गया है और सभी विभागों से भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार को खत्म करना ही आजादी है और उनकी सरकार इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने अपनी सरकार के पारदर्शी शासन पर जोर दिया। सीएम विजय ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि उनकी सरकार के खिलाफ काम करने वाली ताकतों को हराया जाएगा और उनके शासन के खिलाफ रची गई साजिशों को भी नाकाम कर दिया जाएगा। पिछली सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बात करते हुए विजय ने कहा, ‘हम पिछली सरकारों की उन पुरानी योजनाओं को जारी रख रहे हैं जो लोगों के लिए फायदेमंद थीं। इनमें AIADMK की ‘अम्मा उनावगम’ (अम्मा कैंटीन) और स्कूली बच्चों के लिए नाश्ते की योजना (DMK) शामिल हैं।’

नवजात शिशुओं के जन्म पर मिलेगी सोने की अंगूठी

सीएम ने कार्यक्रम में बताया कि 15 सितंबर को द्रविड़ नेता सी.एन. अन्नादुरई की जयंती के मौके पर, सरकारी अस्पतालों में नवजात शिशुओं के लिए सोने की अंगूठी देने की योजना (थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम) 755.83 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की जाएगी। विजय ने कहा, ‘मैं एक बार फिर तमिलनाडु के लोगों को सम्मानपूर्वक नमस्कार और सलाम करता हूं, जिन्होंने जाति और धर्म की बातों को दरकिनार किया, पैसे और बाहुबल को ठुकराया और लोगों पर केंद्रित तथा सामाजिक न्याय वाली सरकार बनाने के लिए हमें जबरदस्त समर्थन दिया।’

सीएम विजय ने की कई घोषणाएं

पूर्व सैनिकों की बेटियों (दो बेटियों तक को यह मदद मिल सकती है) की शादी के लिए दी जाने वाली आर्थिक मदद को 25,000 रुपये से बढ़ाकर 50,000 रुपये किया जाएगा। दिव्यांग पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए मासिक मदद को 5,000 रुपये से बढ़ाकर 7,000 रुपये किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन को बढ़ाकर 23,000 रुपये और उनके आश्रितों की पारिवारिक पेंशन को बढ़ाकर 12,500 रुपये किया जाएगा।

 

 

 

 

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।