तमिलनाडु स्थापना दिवस : मोदी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं दीं

तमिलनाडु दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर और मुख्यमंत्री विजय ने शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने राज्य की संस्कृति, भाषा, विरासत और औद्योगिक योगदान को सराहा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। यह दिवस भाषाई आधार पर भारतीय राज्यों के ऐतिहासिक पुनर्गठन की याद में मनाया जाता है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि तमिलनाडु के मेहनती और उद्यमशील लोगों ने भारत की प्रगति में असाधारण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि विनिर्माण, वाहन और कपड़ा उद्योग से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा और उभरते उद्योगों तक राज्य ने नवाचार, कौशल और औद्योगिक उत्कृष्टता के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है।प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के लोगों को अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं पर गर्व है। तमिल संस्कृति ने देश की सभ्यतागत यात्रा को अनगिनत तरीकों से समृद्ध किया है।

मोदी ने कहा, ”यह अवसर आने वाले समय में तमिलनाडु के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशियां, सफलता और नए अवसर लेकर आए।” लोक भवन की ओर से जारी एक वीडियो संदेश में राज्यपाल आर्लेकर ने राज्यों के पुनर्गठन के बाद से भारत की विकास यात्रा में तमिलनाडु की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। आर्लेकर ने कहा कि समृद्ध परंपराओं, शिक्षा और मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र का राज्य में अनूठा मेल समग्र विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। राज्य की आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि तमिलनाडु का देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में करीब 9.4 प्रतिशत योगदान है।

मुख्यमंत्री विजय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लोगों से राज्य की विशिष्ट पहचान और समृद्ध विरासत का उत्सव मनाने के साथ तमिल भाषा और क्षेत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले शहीदों की विरासत का सम्मान करने का आग्रह किया। विजय ने कहा, ”राज्यों के भाषाई पुनर्गठन और तमिलनाडु के गठन के इस शुभ अवसर पर मैं अपने राज्य के विशिष्ट गौरव और ऐतिहासिक महिमा का उत्सव मनाता हूं तथा सभी को तमिलनाडु दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी मातृभाषा तमिल की रक्षा करने और तमिल भाषी क्षेत्रों को तमिलनाडु में शामिल कराने के लिए संघर्ष करने वाले शहीदों का इतिहास हमारी पहचान, अधिकारों और एकता के लिए हमेशा मार्गदर्शक बना रहेगा।

उन्होंने कहा, ”इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण दिन पर आइए, हम मातृ तमिल का गौरव लगातार बढ़ाने, तमिल लोगों की कला, संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने तथा अपने राज्य की सर्वोच्चता बनाए रखने का संकल्प लें।” उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विजय ने 18 जुलाई को घोषणा की थी कि टीवीके सरकार तमिलनाडु दिवस एक नवंबर और 18 जुलाई, दोनों दिन मनाएगी। द्रविड़ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सी एन अन्नादुरई ने 18 जुलाई 1967 को राज्य का नाम तमिलनाडु रखा था और विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया था। मद्रास राज्य का गठन एक नवंबर 1956 को हुआ था।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।