तमिलनाडु चुनाव: चेन्नई में एक परिवार की तीन पीढ़ियों के 14 सदस्य एक साथ वोट डालने पहुंचे

तमिलनाडु चुनाव में चेन्नई के एक परिवार की तीन पीढ़ियों के 14 सदस्य एक साथ वोट डालने पहुंचे, मतदान केंद्र पर लोकतंत्र और पारिवारिक परंपरा का अनोखा उदाहरण पेश किया

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई: लोकतांत्रिक भागीदारी का एक उल्लेखनीय उदाहरण पेश करते हुए, एक परिवार की तीन पीढ़ियों के 14 सदस्य बृहस्पतिवार को यहां स्टेला मैरिस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र में वोट डालने एक साथ पहुंचे। परिवार के बुजुर्ग मुखियाओं से लेकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक, सभी एक साथ कतार में खड़े थे, जिसने अन्य मतदाताओं और हाई-प्रोफाइल मतदान केंद्र पर मौजूद मीडिया कर्मियों का अपनी ओर ध्यान आकर्षित किया।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में, स्टेला मैरिस कॉलेज चेन्नई के सबसे प्रमुख मतदान केंद्रों में से एक रहा है, जहां अक्सर जानी-मानी हस्तियां अपने मताधिकार का प्रयोग करती हैं। मतदान केंद्र के बाहर ‘पीटीआई वीडियो’ से बात करते हुए, उक्त परिवार के सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि एक साथ मतदान करना उनके परिवार की लंबे समय से चली आ रही परंपरा है, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को प्रेरित करना है।

परिवार की सदस्य जयंती (63) ने कहा, “हम वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं। यह महत्वपूर्ण है कि हमारे पोते-पोतियां हमें इसमें भाग लेते हुए देखें ताकि वे समझ सकें कि उनका वोट भी उतना ही मायने रखता है जितना कि हमारा।” उनके बेटे शिवराज (35) ने कहा, “पूरे परिवार के साथ आने से यह अपने अधिकारों का उत्सव मनाने जैसा लगता है। यहां आने से पहले हमने नाश्ते पर रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा की।” तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव के तहत मतगणना चार मई को होगी।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।