रांची : रांची नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 26 सितंबर को यूनियन बैंक ने अपने सीएसआर फंड के तहत 10 ट्रैक्टर-विथ-ट्रॉली की खरीद के लिए रांची नगर निगम को फंड उपलब्ध कराया है। इस वित्तीय सहयोग से नगर निगम क्षेत्र में जारी स्वच्छता अभियान, कचरा उठाव तथा कचरा परिवहन व्यवस्था को और अधिक गति तथा मजबूती मिलेगी।

यूनियन बैंक द्वारा की गई यह पहल ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति बैंक की सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। इस दौरान रांची नगर निगम ने यूनियन बैंक द्वारा दिए गए इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और एक स्वच्छ, स्वस्थ तथा सुंदर रांची के निर्माण में इसी तरह आगे भी निरंतर सहभागिता बनाए रखने की अपील की।
इस विशेष अवसर पर उप नगर आयुक्त रविन्द्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त दिलीप कुमार, रांची नगर निगम के नगर प्रबंधक सहित यूनियन बैंक के डिप्टी जनरल मैनेजर कुंदन कुमार सिन्हा, असिस्टेंट जनरल मैनेजर संदीप रंजन एवं रांची मेन ब्रांच के चीफ मैनेजर दिनेश कुमार प्रसाद तथा अन्य कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।


