

नयी दिल्ली: संकट में फंसी रियल एस्टेट कंपनी यूनिटेक लिमिटेड के हजारों घर खरीदारों ने अटकी परियोजनाओं को पूरा करने के लिए धन की कमी पर चिंता जताई है। खरीदारों ने मांग की है कि कंपनी की खाली पड़ी संपत्तियों की नीलामी कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।





यूनिटेक के पांच घर खरीदार संघों ने सरकार और उच्चतम न्यायालय से कंपनी के नए चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) की नियुक्ति जल्द करने की भी अपील की है। कंपनी में यह पद करीब एक महीने से खाली है। दिल्ली-एनसीआर समेत देश के विभिन्न हिस्सों में यूनिटेक की आवासीय परियोजनाओं में करीब 15,000 से 22,000 खरीदार फंसे हुए हैं। कई लोग पिछले 15-16 वर्षों से अपने घरों का इंतजार कर रहे हैं।
