इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर सरकारी विभागों में अधिकारी स्तर की नौकरी का लक्ष्य रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने Engineering Services Examination (ESE) 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस परीक्षा के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में ग्रुप-ए एवं ग्रुप-बी के पदों पर नियुक्ति की जाएगी. आयोग के अनुसार इस बार करीब 480 रिक्तियां होने की उम्मीद है. हालांकि, पदों की संख्या में बदलाव संभव है.

चार इंजीनियरिंग ब्रांच के उम्मीदवार होंगे पात्र
UPSC ESE 2027 में सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग श्रेणी के पद शामिल हैं. मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में बीई/बीटेक डिग्री हासिल कर चुके उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. पात्रता से जुड़ी विस्तृत शर्तें आधिकारिक अधिसूचना में दी गयी हैं.
21 से 30 वर्ष है आयु सीमा
उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी, 2027 को कम से कम 21 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए. यानी अभ्यर्थी का जन्म 2 जनवरी, 1997 से 1 जनवरी, 2006 के बीच हुआ होना चाहिए. आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
6 अक्टूबर तक भरें ऑनलाइन फॉर्म
UPSC ESE 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 सितंबर से शुरू हो चुके हैं और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, 2026 शाम 6 बजे तक है. उम्मीदवारों को आयोग के ऑनलाइन आवेदन पोर्टल पर जाकर Universal Registration Number (URN) तैयार करना होगा और इसके बाद परीक्षा संबंधी आवेदन पूरा करना होगा.
जनवरी में होगी प्रारंभिक परीक्षा
Engineering Services Examination तीन चरणों में आयोजित की जाती है. पहला चरण Preliminary Examination है. UPSC के अनुसार ESE 2027 की प्रारंभिक परीक्षा 31 जनवरी, 2027 को होगी. इसमें दो ऑब्जेक्टिव पेपर होंगे. General Studies and Engineering Aptitude का पेपर 200 अंकों का होगा, जबकि संबंधित इंजीनियरिंग विषय का पेपर 300 अंकों का होगा.
मेन परीक्षा में होंगे दो पेपर
प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवार Main Examination में शामिल होंगे. यह 600 अंकों की डिस्क्रिप्टिव परीक्षा होगी, जिसमें संबंधित इंजीनियरिंग विषय के दो पेपर होंगे. प्रत्येक पेपर 300 अंकों का होगा. UPSC के नोटिफिकेशन के अनुसार ESE 2027 की मुख्य परीक्षा 18 जून, 2027 को आयोजित की जाएगी.
200 अंकों का होगा पर्सनैलिटी टेस्ट
मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को तीसरे चरण यानी Personality Test के लिए बुलाया जाएगा. यह चरण 200 अंकों का होगा. प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और पर्सनैलिटी टेस्ट के निर्धारित अंकों के आधार पर अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी. प्रारंभिक परीक्षा के ऑब्जेक्टिव पेपर में गलत उत्तरों के लिए निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है.
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए UPSC के नये ऑनलाइन पोर्टल पर URN और Common Application Form की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु और अन्य पात्रता शर्तों की जांच करना जरूरी है.


