सीएपीएफ भर्ती 2026: 1871 पदों पर भर्ती, परीक्षा पैटर्न में भी बड़ा बदलाव

Manu Shrivastava
3 Min Read
एसएससी सीपीओ 2026
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिये सब-इंस्पेक्टर के कुल 1871 पद भरे जायेंगे।

किस पद पर कितनी वैकेंसी

भर्ती में दिल्ली पुलिस के पुरुष वर्ग में 205 और महिला वर्ग में 187 पद हैं। वहीं सीएपीएफ में बीएसएफ के 457, सीआइएसएफ के 250, सीआरपीएफ के 254, आइटीबीपी के 172 और एसएसबी के 346 पद शामिल हैं। इस तरह कुल 1871 पदों पर नियुक्ति होगी।

शैक्षणिक योग्यता क्या है

सब-इंस्पेक्टर (जीडी) पदों के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी है। दिल्ली पुलिस एसआइ पद के लिए पुरुष अभ्यर्थियों के पास हल्के वाहन का वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी होना चाहिए। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाले पुरुष अभ्यर्थी केवल सीएपीएफ पदों के लिए पात्र होंगे।

फायर एसआइ के लिए अलग योग्यता

सीआइएसएफ में सब-इंस्पेक्टर (फायर) पद के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स के साथ बैचलर डिग्री या 10वीं के बाद संबंधित स्ट्रीम में तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा जरूरी है।

आयु सीमा भी जानें

एसआइ (फायर), सीआइएसएफ को छोड़कर अन्य सभी पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एसआइ (फायर), सीआइएसएफ पद के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।

परीक्षा पैटर्न में तीन बड़े बदलाव

इस बार परीक्षा के पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किये गये हैं। पेपर-1 में अब 200 की जगह 100 प्रश्न होंगे। रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, गणित और अंग्रेजी से 25-25 प्रश्न पूछे जायेंगे। परीक्षा की अवधि भी दो घंटे से घटाकर एक घंटा कर दी गयी है।

पेपर-2 में भी बदलाव

पेपर-2 में पहले 200 प्रश्न पूछे जाते थे, जबकि अब 100 प्रश्न होंगे। हालांकि इस पेपर के कुल अंक 200 ही रहेंगे। साथ ही प्रत्येक सेक्शन के लिए अलग समय सीमा निर्धारित की गयी है। अभ्यर्थियों को शारीरिक मानक और फिजिकल टेस्ट से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में देखनी चाहिए।

30 सितंबर तक करें आवेदन

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और पात्रता, शारीरिक मानक तथा परीक्षा से जुड़ी सभी शर्तों की जांच कर लें।

Share This Article