बिहार : वैशाली में बदमाशों ने ठेकेदार की गोली मारकर हत्या की

वैशाली में सुबह की सैर पर निकले ठेकेदार रामनरेश राय की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस भूमि विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हाजीपुर: बिहार के वैशाली जिले में बृहस्पतिवार सुबह मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक ठेकेदार की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान रामनरेश राय के रूप में हुई है। वह जिले के सदर थाना क्षेत्र के दिघी खुर्द स्थित नया टोला इलाके के निवासी थे। वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया, ‘‘घटना उस समय हुई जब रामनरेश राय अपने घर के पास सुबह की सैर के लिए निकले थे। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे भूमि विवाद की आशंका सामने आई है।’’

उन्होंने कहा कि हालांकि, हत्या का सही कारण पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा, एक कारतूस और राय का क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मिश्रा ने बताया कि राय का गांव के एक स्थानीय परिवहन संचालक के साथ भूमि विवाद को लेकर अदालत में मुकदमा चल रहा था। राय ने यह मामला अदालत में जीत लिया था और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं इसी विवाद के कारण उनकी हत्या तो नहीं की गई।

पुलिस के अनुसार, राय लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) सहित कई सरकारी विभागों के लिए ठेकेदार के तौर पर काम करते थे। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय थाना पुलिस, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 और जिला खुफिया इकाई के कर्मियों को शामिल कर एक विशेष संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम बदमाशों की तलाश कर रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।