झारखंड : पहले रॉन्ग नंबर पर नाबालिग लड़की से हुई बात, फिर हुआ प्यार और ले गया भगाकर, हुआ गिरफ्तार

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : नाबालिग लड़की को भगा ले जाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।

नाबालिग लड़की लेस्लीगंज थाना क्षेत्र की रहनेवाली है, जबकि गिरफ्तार आरोपी युवक खूंटी जिला के रनिया थाना क्षेत्र का रहनेवाला है।

लेस्लीगंज थाना की पुलिस ने दोनों को खूंटी जिला के रनिया थाना क्षेत्र के केलो गांव से बरामद किया है। गिरफ्तार युवक को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी केलो गांव निवासी राम बागे का 18 वर्षीय बेटा अंकुश बागे है। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की 20 दिसंबर 2021 से ही लापता थी।

नाबालिग के पिता ने 26 दिसंबर 2021 को इस संबंध में लेस्लीगंज थाना में शिकायत दर्ज करायी थी।

नाबालिग के पिता ने पुलिस को एक मोबाइल नंबर दिया था और बताया था कि उस नंबर से उनके घर के मोबाइल पर एक मैसेज आया था।

थाना प्रभारी गौतम कुमार राय ने बताया कि पुलिस उस मोबाइल नंबर का लोकेशन ट्रेस किया और उसकी सीडीआर निकाली।

उन्होंने बताया कि लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि वह नंबर पहले मेदिनीनगर से महाराष्ट्र में ट्रेस हुआ। उसके बाद उसका लोकेशन महाराष्ट्र से खूंटी जिला में मिला।

थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर एएसआई राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम रविवार को खूंटी के रनिया थाना क्षेत्र स्थित केलो गांव पहुंची।

पुलिस ने वहां एक घर में छापामारी की, जिसमें नाबालिग लड़की बरामद हो गयी। उस घर में उसके साथ अंकुश बागे भी था, जिसका मोबाइल नंबर पुलिस ने ट्रेस किया। पुलिस ने अंकुश बागे को गिरफ्तार कर लिया।

अंकुश बागे ने पुलिस को बताया कि तीन महीने पहले रॉन्ग नंबर से उसकी बात उस लड़की से हुई थी। उसके बाद दोनों अक्सर फोन पर बातचीत करने लगे। दोनों में प्यार भी हो गया।

इसी बीच उसने प्लान बनाया कि वह उस लड़की को भगा ले जायेगा। उसी के प्लान के मुताबिक नाबालिग लड़की 20 दिसंबर 2021 को अपने घर से मेदिनीनगर पहुंची। अंकुश भी उसी दिन खूंटी से मेदिनीनगर पहुंचा। उसके बाद वह लड़की को भगाकर ले गया।

Share This Article