शिक्षा मंत्रालय हिमाचल में शुरू करेगा केंद्रीय विश्वविद्यालय के दो नए परिसर

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय के दो परिसरों में कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। राज्य सरकार चाहती है कि इन केंद्रीय विश्वविद्यालय के परिसरों को जल्द से जल्द शुरू किया जाए।

केंद्रीय विश्वविद्यालय के यह परिसर हिमाचल के जद्रांगल और देहरा में स्थित हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालयों की स्थिति को लेकर दिल्ली में हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बीच एक अहम बैठक भी हुई है।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने गत शाम नई दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से राज्य में केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों में कार्य शीघ्र आरम्भ करने का आग्रह किया।

उन्होंने राज्य को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत किस्त जल्द जारी करने का भी आग्रह किया।

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा के क्षेत्र में संचालित की जा रही अन्य योजनाओं की प्रगति से भी अवगत करवाया।

केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि सीपीडब्ल्यूडी एक मास्टर प्लान तैयार करेगा और केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों जद्रांगल और देहरा में मार्च के अंत तक कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

इसके अलावा हिमाचल की सरकार राज्य में बल्क ड्रग पार्क स्थापित करना चाहती है। इसके लिए राज्य सरकार को केंद्र सरकार की मदद चाहिए।

इसके साथ ही टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए रेलवे लाइन का लेह तक विस्तार करना भी राज्य सरकार की मांगों में शामिल है।

अपनी इन्हीं महत्वपूर्ण मांगों को लेकर हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से अहम मुलाकातें की।

हिमाचल प्रदेश ने केंद्र सरकार से पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 50 एम्बुलेंस और 176 आशा कार्यकर्ताओं के पद स्वीकृत करने का आग्रह किया।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी इन्हीं मांगों के साथ दिल्ली में मौजूद रहे, इसके अलावा यहां उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से राज्य में रेल नेटवर्क के समक्ष विस्तार की मांग रखी।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने दिल्ली में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख एल. मंडाविया से भेंट की। मुख्यमंत्री ने पहाड़ी क्षेत्रों में प्रतिक्रिया समय कम करने के लिए 50 एम्बुलेंस स्वीकृत करने का भी आग्रह किया।

Share This Article