राज्य में आम और खास कोई सुरक्षित नहीं: दीपक प्रकाश

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राज्य में प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह विफल हो चुका है। राज्य में न आम आदमी सुरक्षित है न खास। उक्त बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने रविवार को कही।

उन्होंने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कोडरमा के पूर्व सांसद रविन्द्र कुमार राय पर रांची-धनबाद के रास्ते पर तेलमच्चो में हुए हमले के बाद प्रतिक्रिया दे रहे थे।

प्रकाश ने घटना की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। जिस प्रकार से अपराधियों, उग्रवादियों, अराजक तत्वों का मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा है, उससे अब घर बाहर कही भी कोई सुरक्षित नही है।

इस सरकार की नीयत ही अपराध नियंत्रण की नहीं है। यह सरकार अपराधियों पर नियंत्रण के बजाय आम आदमी को परेशान करने में विश्वास रखती है।

दूसरी ओर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने रविन्द्र राय की गाड़ी पर हुए हमले की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि राज्य में जबसे हेमंत सोरेन की सरकार बनी है तब से लगातार अपराधियों, उग्रवादियों और अराजक तत्वों के द्वारा भाजपा कार्यकर्ता, नेता को निशाने पर लिया जा रहा है।

पिछले दिनों पूर्व विधायक गुरुचरण नायक भी उग्रवादियों से बाल बाल बचे। उनके दो अंगरक्षकों को जान गंवानी पड़ी।

इसके पूर्व भी राज्य के विभिन्न जिलों में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पिछले दो वर्षों में हो चुकी है। आज भी जिस प्रकार रविन्द्र कुमार राय के साथ अराजक तत्वों के द्वारा दुर्व्यवहार किया गया, उसका लोकतंत्र में कोई स्थान नही है।

Share This Article