पाकुड़ में भाजपा ने बिजली-पानी संकट के विरोध में निकाली रैली

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पाकुड़: जिला भारतीय जनता पार्टी ने पाकुड़ (Pakur) में बिजली व जलापूर्ति की घोर किल्लत को लेकर शुक्रवार को रैली निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने रथ मेला मैदान स्थित अटल चौक से रैली निकाली, जो शहर के नगर थाना, आंबेडकर चौक, हिरण चौक होते हुए महात्मा गांधी चौक पहुंची और सभा में तब्दील हो गई।

मौके पर मुख्य अतिथि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे। उनके शामिल होने पर कार्यकर्ताओं में काफी जोश दिखा।

रैली का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष बलराम दूबे ने किया

भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। हेमंत सरकार होश में आओ, हेमंत सरकार की मनमानी नहीं चलेगी, पाकुड़ को पर्याप्त बिजली व जलापूर्ति करनी होगी सहित अन्य मांगों से संबंधित नारे जमकर लगाए गए।

प्रचंड गर्मी के बावजूद बाबूलाल मरांडी कार्यकर्ताओं के साथ रैली में कोई डेढ़ किलोमीटर पैदल चले। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार को न सिर्फ लूट खसोट में लिप्त, बल्कि दिशा विहीन बताया।

रैली का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष बलराम दूबे ने किया। पाकुड़ के पूर्व भाजपा विधायक वेणी प्रसाद गुप्ता, महेशपुर के पूर्व विधायक मिस्त्री सोरेन आदि ने भी सभा को संबोधित किया।

इस मौके पर भाजपा नेता बाबुधन मुर्मू, नगर परिषद अध्यक्ष सम्पा साहा, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रसन्ना मिश्रा, भाजपा नेता हिसाबी राय, शबरी पाल, गणेश रजक सहित अन्य मौजूद थे।

Share This Article