झारखंड में गर्मी के बीच राहत की बारिश, 17 जिलों में Yellow Alert जारी

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला और लोगों ने चिलचिलाती भीषण गर्मी से राहत की सांस ली।

झुलसा देने वाली धूप के बाद देखते ही देखते रांची में आसमान में बादल छा गये। इससे तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली।

ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। हजारीबाग जिले में मौसम का रुख बदला और राहत की रिमझिम बारिश हुई।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि पांच मई तक आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे।

मेघ गर्जन के साथ बारिश होगी और इस दौरान वज्रपात की भी आशंका जाहिर की गयी है। रांची का शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज की गई है।

इस वजह से बदला मौसम

मौसम केंद्र के वैज्ञानिक ने बताया कि राज्य में टर्फ लाइन के सक्रिय होने से बंगाल से सटे संताल व कोयलांचल के अलावा कोल्हान, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, गुमला, खूंटी में कुछ स्थान पर तेज तो कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई।

राज्य में सबसे ज्यादा बारिश साहिबगंज जिला के राजमहल में 15.4 मिमी दर्ज हुई। इसके अलावा दुमका में 4.8 बारिश हुई। अगले तीन दिन तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट होगी।

17 जिलों में यलो अलर्ट जारी

झारखंड के रांची, बोकारो, चतरा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, लातेहार, पलामू, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, रामगढ़, कोडरमा एवं हजारीबाग जिले के कुछ भागों में शनिवार को मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई।

मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि कुछ ही देर में इन इलाकों में बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को राज्य के कई इलाके में लू चलेगी। वहीं कुछ जगहों पर तेज हवा चलेगी और वज्रपात होगा। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ जगहों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा का बहाव होगा।

पलामू में आसमान से बरस रही आग, पारा 46 पर

झारखंड के आधे हिस्से में मौसम भले बदल गया लेकिन पलामू और गढ़वा में आसमान से आग बरस रही है। लू ने जीना मुहाल कर रखा है।

शनिवार को पलामू प्रमंडल में दिनभर भीषण लू चलती रही। इसके साथ ही पलामू और गढ़वा जिले के तापमान 46 डिग्री पर पहुंच गया। इसके चलते आम जनजीवन बेहाल हो गया है। उधर, गिरिडीह में बारिश के बाद लू चलती रही।

Share This Article