JMM ने जारी की अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची, कल्पना सोरेन भी शामिल

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

JMM list of 40 Star Campaigners: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के अध्यक्ष शिबू सोरेन, उनके बेटे हेमंत सोरेन और पुत्रवधू कल्पना सोरेन के अलावा मुख्यमंत्री चंपई सोरेन (Champai Soren) को लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। JMM के एक नेता ने शनिवार को यह जानकारी दी।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपी गई पार्टी के स्टार प्रचारकों सूची के अनुसार शिबू सोरेन झारखंड, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे।

इस सूची में बिशुनपुर विधायक चमरा लिंडा भी शामिल हैं, जिन्होंने पार्टी की इच्छा के खिलाफ जाकर लोहरदगा लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में सीट बंटवारे के समझौते में यह सीट कांग्रेस के पास चली गई है।

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री Hemant Soren के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू को भी स्टार प्रचारकों की सूची में जगह मिली है। पिंटू ने हाल ही में राज्य में कथित अवैध खनन और भूमि सौदों से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ का सामना किया था।

सूची में पार्टी सुप्रीमो के बाद दूसरे प्रमुख प्रचारक के रूप में सलाखों के पीछे बंद Hemant Soren के नाम का भी उल्लेख है।

सोरेन को कथित भूमि घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी ने 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और रांची की बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (Birsa Munda Central Jail) में बंद हैं।

उनकी पत्नी कल्पना को भी लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख प्रचारक के रूप में सूची में शामिल किया गया है। वह गांडेय विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ रही हैं।

झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान चार चरणों में होगा।

Share This Article