
Rape of a Minor : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।
शादी का झांसा देकर 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ लगातार यौन शोषण (Sexual Exploitation) करने और उसे गर्भवती बनाने वाले 23 वर्षीय युवक को गुवा पुलिस ने गिरफ्तार कर चाईबासा जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया।
दो साल से करता रहा शोषण, जंगल और सुनसान जगहों पर ले जाता था
आरोपित की पहचान जगन्नाथपुर थाना (Jagannathpur Police Station) क्षेत्र के बड़ानंदा गांव निवासी माना अंगरिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वह पिछले करीब दो वर्षों से नाबालिग को शादी का लालच देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पड़ोस के गांव का रहने वाला होने के कारण वह पीड़िता के संपर्क में आसानी से रहता था और अक्सर उसे जंगल या सुनसान स्थानों पर ले जाकर शोषण करता था। इसी दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई।
अस्पताल में खुला मामला, बाल अधिकार मंच को दी गई सूचना
परिजनों ने नाबालिग को गुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने गर्भावस्था की पुष्टि की। इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने बाल अधिकार मंच की महिलाओं को सूचना दी।
कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचीं और पीड़िता से बातचीत की, जहां उसने रोते हुए पूरी घटना बताई और आरोपित का नाम, घटनाओं का तरीका और समय बताया।
दर्ज हुई प्राथमिकी
बाल अधिकार मंच की कार्यकर्ताओं ने पीड़िता के माता-पिता को बुलाकर गुवा थाना ले जाया।
वहां पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट की धारा के साथ अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी।
घर से गिरफ्तार, मोबाइल से आपत्तिजनक तस्वीरें बरामद
रविवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने बड़ानंदा गांव में छापेमारी (Raid) कर आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार किया और बताया कि वह मोबाइल के जरिए नाबालिग को लुभाता था और शादी का वादा करता रहा।
पुलिस ने उसके मोबाइल से पीड़िता के साथ की गई कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी बरामद की हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है।

