
Dirty Drains Increased People’s Problems : नगर निकाय चुनाव (Municipal Elections) के समय विकास और स्वच्छता के बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
रांची के वार्ड संख्या 16 स्थित कबला चौक के पास वर्षों पुराना नाला आज भी बदहाली का शिकार है।
इस नाले में शहर के बड़े इलाकों का गंदा पानी लगातार बहता रहता है, जिससे आसपास के पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल जाती है। लोगों का कहना है कि इससे रहना मुश्किल हो गया है।
न सही निर्माण, न नियमित सफाई
स्थानीय लोगों के अनुसार पूर्व पार्षद के कार्यकाल में न तो नाले का सही ढंग से निर्माण कराया गया और न ही समय-समय पर इसकी सफाई की व्यवस्था हुई।
हालात इतने खराब हैं कि नाले के ऊपर कहीं भी Barricading नहीं है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। इससे खासकर बच्चे और बुजुर्ग हमेशा खतरे में रहते हैं।
रात में बढ़ जाता है हादसे का डर
रात के समय इस इलाके से गुजरना लोगों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। अंधेरे में नाला साफ नजर नहीं आता, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
नाले के आसपास सैकड़ों परिवार रहते हैं, लेकिन अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस गंभीर समस्या पर ठोस ध्यान नहीं दिया है।
बरसात में हालात और भयावह
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है।
नाला उफान पर आ जाता है और गंदा पानी सड़कों व घरों के पास फैलने लगता है। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है और लोगों में डर का माहौल बन जाता है।
इस बार सिर्फ वादे नहीं, काम चाहिए
लोगों ने साफ कहा है कि इस बार केवल आश्वासन नहीं, बल्कि काम करने वाले नए पार्षद को मौका दिया जाएगा।
क्षेत्रवासियों की मांग है कि नाले का पक्का निर्माण हो, नियमित सफाई कराई जाए और सुरक्षा के लिए Barricading व चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि वार्ड 16 के लोग सुरक्षित और स्वच्छ माहौल में रह सकें।

