
Political stir regarding Rajya Sabha Elections: झारखंड में मई–जून के आसपास राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होने की संभावना है। इसे लेकर राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है।
सत्तारूढ़ गठबंधन के प्रमुख दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने इन दोनों सीटों पर अपना दावा जताया है। पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा है कि उम्मीदवारों के नाम पर फैसला सहयोगी दलों से चर्चा के बाद लिया जाएगा।
हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर जताया भरोसा
मनोज पांडेय ने कहा कि पार्टी को अपने नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) के राजनीतिक अनुभव और कौशल पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी दलों को विश्वास में लेकर ही प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे, ताकि चुनाव में बेहतर परिणाम मिल सके।
एक सीट पहले से खाली, दूसरी जून में होगी खाली
बताया जा रहा है कि झारखंड से राज्यसभा की एक सीट पहले से खाली है। यह सीट दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई है। वहीं दूसरी सीट BJP नेता दीपक प्रकाश की है, जिनका कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी कारण इन दोनों सीटों पर आने वाले महीनों में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
विधानसभा में गठबंधन के पास मजबूत संख्या
झारखंड विधानसभा की बात करें तो राज्यसभा में कुल छह सीटें हैं। वर्तमान में दो सीटों पर चुनाव होना है। विधानसभा में सत्तारूढ़ महागठबंधन के पास मजबूत बहुमत है। इसमें झामुमो के 34 विधायक, कांग्रेस के 16, आरजेडी के 4 और CPI माले के 2 विधायक शामिल हैं। कुल मिलाकर गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन है।
कांग्रेस ने भी एक सीट पर जताया दावा
राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार कांग्रेस ने भी एक सीट पर अपना दावा पेश किया है। इसलिए सीट बंटवारे को लेकर झामुमो और कांग्रेस के बीच बातचीत चल रही है।
माना जा रहा है कि गठबंधन के पास पर्याप्त संख्या होने के कारण दोनों सीटों पर जीत संभव है। फिलहाल एक सीट पर झामुमो की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट पर आपसी सहमति से फैसला लिया जाएगा।
