
Heartbreaking incident in Aurangabad : बिहार के औरंगाबाद जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक चाचा ने अपने ही सगे तीन मासूम भतीजे-भतीजियों की निर्मम हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव की है।
मृतकों में 10 वर्षीय अनीश, 7 वर्षीय आयुषी और 5 साल की अनुष्का शामिल हैं। इस नृशंस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और गांव में शोक व आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अमंत पाल अविवाहित था और घर में शादी को लेकर अक्सर तनाव में रहता था। शुक्रवार सुबह जब वह घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया, उस समय उसकी भाभी स्नान कर रही थीं।
दरवाजा खोलने में थोड़ी देरी होने पर वह गुस्से में आपा खो बैठा और हैवानियत की हद पार कर दी।
बताया जा रहा है कि उसने पहले तीनों बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया ताकि उनकी आवाज बाहर न जा सके। इसके बाद उसने म्यूजिक सिस्टम की आवाज तेज कर दी और कटर मशीन (बधारी) से एक-एक कर तीनों मासूमों का गला काट दिया।
जब बच्चों की मां को अनहोनी का अंदेशा हुआ, तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीण वेंटिलेटर के रास्ते कमरे में पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद का भी गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। ग्रामीणों और पुलिस ने उसे गंभीर हालत में पाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में केवल बच्चों की मां और तीनों बच्चे ही मौजूद थे। बच्चों के पिता गुड्डू पाल उस समय घर पर नहीं थे, वे रेलवे में कुकिंग का काम करते हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर आरोपी ने इतनी भयावह वारदात को अंजाम क्यों दिया।
