
Hazaribagh Murder Case : हजारीबाग में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई अभिषेक कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना झंडा चौक के पास गाड़ी खाना क्लब के जुलूस के दौरान हुई थी, जहां कुछ युवकों ने अभिषेक कुमार पर तलवार, चाकू और लाठी से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए Ranchi रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की और छापेमारी कर सभी पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार—तलवार और चाकू—भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जुलूस के दौरान कई लोग शराब और गांजे के नशे में थे और झंडा चौक पर हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर उन्होंने अभिषेक कुमार पर हमला कर दिया।
हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी जुलूस में ही शामिल होकर नाचते रहे और बाद में उन्हें पता चला कि घायल व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
पुलिस ने इस मामले के साथ रामनवमी के दौरान हुए अन्य चार हमलों का भी खुलासा किया है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन इस घटना ने जुलूसों में सुरक्षा व्यवस्था और नशे के बढ़ते प्रभाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
